उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य का काफिला
- फोटो : amar ujala
कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का काफिला गुजरने से पहले सिपाही की पिटाई से खफा ऑटो चालक डिप्टी सीएम की फ्लीट के आगे लेट गया। पुलिस ने उसे खींच कर हटाया और हिरासत में ले लेकर लॉकअप में डाल दिया।
डिप्टी सीएम का काफिले गुजरने की सूचना पर नौबस्ता चौराहे पर तैनात पुलिस कर्मियों ने चौराहे से ऑटो व टेंपो चालकों को हटवाना शुरू कर दिया। ऑटो, टेंपो चालकों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने वाहनों की चाबियां, गाड़ी के पेपर, लाइसेंस छीन कर अपने पास रखना शुरू कर दिया।
गल्लामंडी निवासी ऑटो चालक मक्खन सिंह अपने कागज मांगने चौकी पहुंच गया तो एक सिपाही ने उसे थप्पड़ जड़ दिया और डंडे से पीट दिया। इसके बाद जब डिप्टी सीएम की फ्लीट पास से गुजरी तो मक्खन सिंह पायलट वाहन के आगे लेट गया और हंगामा करने लगा। इस दौरान करीब तीन मिनट काफिला रुका रहा। एसपी साउथ दीपक भूकर ने बताया कि ऑटो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।