नोटो के बिस्तर के बारे में तो आपने बहुत सुना होगा लेकिन बोरियों में भरे हुए लाखों की कीमत के सिक्कों के बारे में हम आपको आज बताने जा रहे हैं जिनका वजह कई कुंतल है। पुलिस भी इन्हें हाथ लगाने से पहले सौ बार सोचती है। लाखों की कीमत के ये सिक्के पुलिस को एक बस से बरामद हुए थे जो दिल्ली जा रही थी।
14 माह पहले एक ट्रैवल्स एजेंसी की बस से पकड़े गए 15 लाख से अधिक के सिक्कों के मालिक के बारे में पता लगाने में पुलिस ने कोई रुचि नहीं दिखाई। सिक्कों को लादकर दिल्ली ले जाने वालों का कोई सुराग नहीं लगा सकी। पकड़ी गई बस को तो थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर चालक की सुपुर्दगी में छोड़ दिया था लेकिन सिक्के थानों के मालखाना में अभी भी असली मालिक के इंतजार में लावारिस पड़े हैं।
करीब 14 माह पूर्व 22 नवंबर 2017 को बकेवर थाना पुलिस ने बकेवर बाईपास हाईवे पर कानपुर से दिल्ली जा रही एक ट्रैवल्स की डग्गामार बस को पकड़ा था। बस में सवारियों के अलावा 50 से अधिक बोरियों में एक रुपये से लेकर दस रुपये तक के सिक्के बरामद हुए थे। सिक्के 15 लाख 39 हजार रुपये के थे। इनका कुल वजन 31 क्विंटल 51 किग्रा था। जो दिल्ली ले जाए जा रहे थे।