हरदोई के मल्लावां मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में वांछित वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम में शामिल सिपाहियों के साथ दबंगों ने मारपीट की और वारंटी को छुड़ा लिया। सिपाही की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मल्लावां कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राघौपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम मोहब्बतपुर ठठिया निवासी संतोष सिंह पुत्र विश्राम सिंह के विरुद्ध मारपीट और तोड़फोड़ का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय ने संतोष सिंह के विरुद्ध वारंट जारी कर पांच अप्रैल को न्यायालय में हाजिर करने का आदेश दिया था।
सिपाहियों ने घर पर दबिश देकर पकड़ने का प्रयास किया लेकिन पीट गए
राघौपुर चौकी प्रभारी जनार्दन सिंह ने बुधवार को चौकी पर तैनात सिपाही अशोक कुमार और वीर सिंह को संतोष सिंह की गिरफ्तारी के लिखित निर्देश देकर मोहब्बतपुर भेजा। रात लगभग 10 बजे दोनों सिपाहियों ने संतोष सिंह के घर पर दबिश देकर उसे पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान संतोष भागकर अपने पड़ोसी जगदीश तिवारी के घर में घुस गया तो दोनों सिपाही भी उसके घर घुस गए।
सिपाहियों ने जगदीश तिवारी के घर से संतोष को पकड़ लिया। इस पर जगदीश तिवारी, उनका पुत्र संदीप, पड़ोसी सुनील पुत्र कमलेश पांडेय व गुड्डू सिंह पुत्र प्रताप सिंह आ गए और सिपाहियों से अभद्रता करने लगे। जब सिपाहियों ने मना किया तो उक्त आरोपियों ने मारपीट कर संतोष को छुड़ा लिया और भाग गए।
अपाराधी को बचाने के लिए सिपाहियों को पीट दिया
सिपाहियों ने घटना की जानकारी प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार गोले, निरीक्षक क्राइम ज्ञान प्रकाश तिवारी और सीओ प्रताप सिंह को दी। इसके बाद कोतवाल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने आरोपियों के घर पर दबिश दी, लेकिन किसी भी आरोपी को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी।
पुलिस ने सिपाही अशोक कुमार की तहरीर पर पांचों आरोपियों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने, अनुसूचित जाति उत्पीड़न, बलवा करने, जान से मारने का प्रयास करने आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक महेश कुमार गोले ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।