इसके मद्देनजर मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एडीएम एलए को सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। मतदान के बाद सभी मतदान केंद्रों से सील मतपेटियां एसडीएम घाटमपुर फतेहपुर में बने स्ट्रांग रूम में जमा करा देंगे। इसके बाद 12 अप्रैल को फतेहपुर में ही मतों की गणना होगी।
एमएलसी चुनाव में पहली बार कुर्सी के करीब भाजपा
विधान परिषद स्थानीय निकाय चुनाव के इतिहास में पहली बार कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र की तीन सीटों कानपुर, महोबा और इटावा पर भाजपा अपने प्रत्याशियों के कुर्सी के करीब होने का दावा कर रही है। कहा जा रहा है कि प्रदेश की सत्ता में रहते हुए पहली बार हो रहे इस चुनाव में भाजपा के सत्ता हासिल करने की पूरी संभावना है।
एमएलसी के इस चुनाव को लेकर एक हकीकत यह भी है कि प्रदेश में जिस पार्टी की सरकार रहती है, उसी के प्रत्याशी जीतते आए हैं। इस बार भी ऐसा होने की पूरी संभावना है। इस बार के चुनाव में कांग्रेस और बसपा पहले से ही बाहर हैं।
भाजपा के सामने सिर्फ सपा ही मैदान में है। वैसे तो इस चुनाव में जिन लोगों को वोट देना है, उनमें से ग्रामीण क्षेत्रों में भाजपा के साथ सपा का समर्थन करने वाले लोग कम नहीं हैं। इसके बावजूद कहा जा रहा है कि सत्ताधारी भाजपा ने अपनी रणनीति के तहत ऐसा चक्रव्यूह तैयार किया है कि विपक्ष की सारी चालें नाकाम हो रही हैं।