अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय की एक हिंदू छात्रा के ट्वीट (जिसमें उसने हिंदू लड़कियों को एएमयू के हॉस्टल में खुद को ढक कर रखने का दबाव डाले जाने की बात लिखी है) पर हज वक्फ राज्यमंत्री मोहसिन रजा ने तीखा हमला बोला।
कहा कि एएमयू के मामले में जो राय देते घूम रहे हैं, बेहतर होगा वह पाकिस्तान चले जाएं। कहा कि यह हिंदुस्तान है पाकिस्तान नहीं। देश में कुछ ऐसी शक्तियां हैं जो भारत को बांटने वाली हैं। उनको सलाह है कि वह तालिबान, पाकिस्तान जाएं। यह आजाद देश हमारा है, अखंड भारत है।
योगी सरकार में पूरी तरह से कानून का राज है। अपने गृह नगर सफीपुर आए राज्यमंत्री ने राजस्थान मामले में कहा कि जिस तरह से देश में कांग्रेस आज हाशिए पर है उसका सीधा अर्थ यही है कि वहां पर युवाओं के लिए कोई जगह नहीं है। उस पार्टी में लोकतंत्र नहीं है। राजशाही है।
प्रियंका गांधी के दिल्ली स्थित सरकारी आवास को खाली कराने के सवाल पर मंत्री मोहसिन रजा ने कहा कि प्रियंका वाड्रा ने उस भवन को गलत तरीके से लेकर रखा था। भारत और चीन के विवाद पर मोहसिन रजा ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने सेना के बीच में बैठ कर बता दिया कि हम अपनी सेना के साथ खड़े हैं। हम 1 इंच जमीन देने वाले नहीं हैं।