लखीमपुर खीरी के वन रेंज शारदानगर के कुवरापुर (खम्बारखेड़ा) गांव में दो बच्चियों को मौत के घाट उतारने वाले खूंखार तेंदुए को पकड़कर सोमवार रात चिड़ियाघर लाया गया है। वन विभाग की टीम बीते एक सप्ताह से उसको पकड़ने के लिए रेस्क्यू कर रही थी। रविवार को पिंजड़े के अंदर बकरी बांधी गई तो तेंदुआ कैद हो सका। हालांकि तेंदुए को अस्पताल परिसर में रखा गया है। उसके सिर में गंभीर चोटे हैं जिसका इलाज शुरू कर दिया है। वहीं दो दिन से उसने कुछ खाया नहीं है।
शारदानगर के आसपास के दर्जनों गांवों में तेंदुए की चहलकदमी से काफी समय से लोगों में दहशत थी। वनविभाग की टीम ने उसको पकड़ने के लिए पिंजड़े के अंदर बकरी बांधी थी। जिसे खाने के लिए वह पिंजड़े के अंदर पहुंचा और कैद हो गया। प्रशासन ने तेंदुए को कानपुर चिड़ियाघर भेजने का निर्णय लिया था। सोमवार रात तेंदुआ को ट्रक से चिड़ियाघर लाया गया।