पूर्व छात्र डॉ. नरेश चंद गुप्ता व निधि गुप्ता
- फोटो : अमर उजाला
आईआईटी कानपुर में 10 करोड़ से छात्रों के लिए हॉल ऑफ रेजिडेंस-15 में बनने वाले आवासीय टॉवर का निर्माण किया जाएगा। यह राशि संस्थान के पूर्व पूर्व छात्र डॉ. नरेश चंद गुप्ता और उनकी पत्नी निधि गुप्ता की ओर से दान की गई है। टावर का नाम डॉ. नरेश चंद्र गुप्ता के नाम पर रखा जाएगा। डॉ. गुप्ता 1988 में संस्थान से कंप्यूटर साइंस से पासआउट हैं।
आईआईटी में लगातार बढ़ रही छात्र संख्या को देखते हुए करीब एक हजार छात्रों के लिए चार टॉवर वाले नए छात्रावास का निर्माण प्रस्तावित है। नए आवासीय परिसर में छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाएं होंगी, जिनमें अध्ययन कक्ष, मनोरंजन क्षेत्र, भोजनालय, लाउंज और दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्था शामिल हैं। यहां सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन और ऊर्जा-कुशल तकनीक रहेगी। डॉ. नरेश चंद गुप्ता ने आईआईटी से स्नातक करने के बाद अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड से उच्च शिक्षा प्राप्त की। वह एडोबी इंडिया के संस्थापक भी रहे हैं।