यूपी के जालौन जिले में पति-पत्नी के शव एक ही रस्सी से लटकते देख पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात पति पत्नी में विवाद हुआ था।
पति को शराब की लत भी थी। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामला सुसाइड का ही लग रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. अवधेश सिंह के मुताबिक कोई आरोप प्रत्यारोप की बात सामने नहीं आई है। फिर भी सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है, सत्यता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही सामने आएगी।
क्षेत्र के वर्ध गांव निवासी किसान राजू चौहान (40) पुत्र राजबहादुर एवं उसकी पत्नी रजनी के शव गुरुवार सुबह छत के कुंडे से एक ही रस्सी के सहारे लटके मिले। शव के पास ही अनाज की बोरियां भी रखी थीं। बड़ी बेटी रिचा (10) ने पुलिस को बताया कि वह भी उसी कमरे में सो रही थी।
गुरुवार सुबह जब जगी तो कमरे में अंधेरा था। उसने मम्मी पापा को आवाज लगाई पर किसी ने जवाब नहीं दिया। वहीं बगल के कमरे में सो रहे चाचा टिंकू राजा (30) को जगाया। इसके बाद चाचा ने दीपक जलाकर कमरे में रोशनी की तो सामने एक ही रस्सी से पापा मम्मी के शव लटकते देख हमारे मुंह से चीख निकल पड़ी।