कानपुर के बाबूपुरवा के बेगमपुरवा में नशेड़ी पति अनीश उर्फ गुड्डू ने विवाद के बाद पहले अपनी पत्नी नासरा (30) के गर्दन पर लोहे की रॉड मारी थी और फिर कुल्हाड़ी से सिर पर दो वार कर मौत के घाट उतार दिया।
इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। मृतका के गर्दन और सिर पर चोट के चार निशान मिले हैं। पुलिस ने हत्यारोपी पति गुड्डू को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
रिक्शा चालक गुड्डू पत्नी नासरा और तीन बच्चों के साथ मोहम्मद सलीम अंसारी के मकान में किराए पर रहता था। मंगलवार की रात नशेबाजी को लेकर हुए विवाद के बाद गुड्डू पत्नी की हत्या कर बच्चों के साथ मौके से फरार हो गया।
देर रात पुलिस ने उसे रेलवे लाइन के किनारे नया पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में मकान मालिक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्जकर उसे कोर्ट में पेेश किया। पुलिस ने उसके तीनों बच्चों को गुड्डू के एक रिश्तेदार को सौंप दिया। पुलिस का अभी मृतका के मायके वालों से संपर्क नहीं हो सका है।