उन्नाव में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सड़क हादसों में ट्रक के क्लीनर समेत दो की मौत और 11 लोग घायल हो गए। घायलों में सात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य को मामूली चोटें आईं। अजगैन में हुए हादसे में ट्रक ने वैन को टक्कर मारते हुए दूसरे ट्रक में चढ़ रहे क्लीनर को रौंद दिया।
इससे क्लीनर व वैन सवार युवक की मौत हो गई। गदनखेड़ा चौराहा पर हुए हादसे में सड़क पार करने की कोशिश में तीन बाइक और एक साइकिल ट्रक व डीसीएम के नीचे चली गई। एक बाइक सवार का पैर कट गया। अन्य घायल हो गए। हादसों के बाद कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।
हादसा-एक
नवाबगंज में चमरौली तिराहे के पास शुक्रवार देर रात अनियंत्रित ट्रक ने हाईवे किनारे खड़ी एक वैन व दूसरे ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक के क्लीनर फतेहपुर के थाना खखरेरु के गांव कनपुरवा निवासी जावेद अली (27) पुत्र साबिर अली व वैन सवार अचलगंज थाना क्षेत्र के गांव वसैना निवासी दिनेश कुमार उर्फ बच्चा दीक्षित (25) पुत्र धुन्नीलाल की मौत हो गई।