यूपी महोबा में सड़क दुर्घटना: महोबा में सड़क हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिस
- फोटो : amar ujala
महोबा जिले में कुलपहाड़ क्षेत्र के सुगिरा गांव से अलग-अलग साइकिलों से कुलपहाड़ कोचिंग पढ़ने जा रहे 12वीं के छह छात्रों को तेज रफ्तार ट्रक ने गुरुवार को टक्कर मार दी। हादसे में दो मेधावी छात्रों की मौत हो गई। चार छात्र घायल हो गए।
छात्रों की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन बार जाम लगाया। मौके पर पहुंचे पुुलिस व प्रशासनिक अफसरों ने आक्रोशित लोगों को समझा कर जाम खुलवाया। मौके पर ही मृतकों के आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी दिया गया।
सुगिरा गांव निवासी अशोक पांचाल का बेटा कपिल (18) और इसी गांव के संतोष साहू का बेटा धर्मेंद्र (18), हरदयाल साहू का बेटा देवेंद्र (17), राम बिहारी का बेटा अभिषेक (17), रामकरण का बेटा सचिन (17) और माधव प्रसाद गुप्ता का बेटा जितेंद्र (18) कुलपहाड़ तहसील मुख्यालय के पास स्थित जनतंत्र इंटर कालेज में 12वीं कक्षा में पढ़ते थे।
सभी कोचिंग सेंटर में कोचिंग पढ़ते थे। रोज की तरह गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे छह छात्र अपनी-अपनी साइकिलों से कोचिंग पढ़ने जा रहे थे। मदनवार नाले के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से छह छात्रों की साइकिल में टक्कर मार दी।