प्रदेश का पहला हृदय प्रत्यारोपण सेंटर एलपीएस कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट, कानपुर में खुलेगा। कार्डियोलॉजी में प्रत्यारोपण के लिए सारे संसाधन उपलब्ध हैं। लाइसेंस मिलने के बाद सेंटर शुरू कर दिया जाएगा। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज और कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट प्रबंधन ने इस संबंध में बात की है। प्राचार्य डॉ संजय काला ने कार्डियोलॉजी निदेशक डॉ. राकेश कुमार वर्मा से सेंटर के लाइसेंस के लिए आवेदन करने के लिए कहा है।
डॉ. काला ने बताया कि ब्रेन स्टेम डेथ कमेटी का गठन हो गया है। इससे ब्रेन डेड रोगियों के अंग मिलेंगे। हृदय प्रत्यारोपण करने के लिए जिन संसाधनों की जरूरत होती है, वे उपलब्ध हैं। प्राचार्य डॉ. काला ने बताया कि कार्डियोलॉजी को हाईब्रिड लैब मिल चुकी है। हृदय प्रत्यारोपण में इस लैब की जरूरत पड़ती है। इसके विशेषज्ञ भी इंस्टीट्यूट में उपलब्ध हैं।