कानपुर एचबीटीयू (हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी) का सेकेंड ईयर का छात्र धीरज सिंह संदिग्ध हालात में लापता हो गया है। हॉस्टल में आखिरी बार वह आठ फरवरी को देखा गया था। तब से उसका मोबाइल बंद है।
गुरुवार को साथी छात्र के साथ नवाबगंज थाने पहुंचे पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई। बिजली विभाग में संविदा कर्मी फतेहपुर के किशनपुर के सरौली गांव निवासी श्याम बाबू सिंह का बेटा धीरज आईटी ट्रेड से बीटेक कर रहा है।
वह एलवी ओल्ड हॉस्टल में रह रहा था। पिता के मुताबिक धीरज आठ तारीख की सुबह गांव से चला था। हॉस्टल के रजिस्टर पर दर्ज टाइमिंग के मुताबिक दोपहर 1:10 बजे धीरज ने इंट्री की थी। दस मिनट बाद वह हॉस्टल से निकल गया था।
दो दोस्तों से पता चला है कि धीरज दोस्त के घर जाने की बात कहकर एक बैग लेकर निकला था। सुबह करीब आठ बजे से धीरज का मोबाइल बंद है। एसपी पश्चिम डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सर्विलांस की मदद से छात्र के मोबाइल नंबर की आखिरी लोकेशन पता की जा रही है। वहीं एचबीटीयू प्रशासन भी अपने स्तर से छात्र का पता लगाने का प्रयास कर रहा है।