फतेहपुर के मलवां और कुरस्तीकलां स्टेशन के बीच में दिल्ली से आ रही मालगाड़ी का एक वैगन डिरेल होने से दिल्ली-हावड़ा रूट शनिवार को प्रभावित हुआ। कानपुर से प्रयागराज जाने वाले रूट पर मालगाड़ी डिरेल होने से सेमीहाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस 45 मिनट कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर खड़ी करनी पड़ी।
यह ट्रेन पहले ही कोहरे की वजह से दो घंटे की देरी से कानपुर दोपहर 12 बजे पहुंची थी। 12:45 बजे सेंट्रल से रवाना हुई। मलवां के पास सुबह 9:50 बजे मवेशी फंसने से मालगाड़ी में इंजन से आठवें वैगन के छह पहिये डिरेल हो गए।
दोपहर 12:55 बजे दोबारा वैगन को पटरी पर रखकर रवाना किया गया। हादसा बड़ा नहीं था, ओएचई लाइन प्रभावित नहीं हुई। वंदे भारत एक्सप्रेस के अलावा जोधपुर-हावड़ा और मालगाड़ियां प्रभावित रहीं। हादसा डाउन लाइन पर था, अप लाइन पर गाड़ियां चलती रहीं।
हादसे वाले सेक्शन पर 30 किमी. प्रति घंटा की धीमा रफ्तार का कॉशन लगाकर ट्रेनों को रवाना किया गया। ट्रेन-18 तीन घंटे की देर से वाराणसी शाम पांच बजे पहुंची। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस पर कुछ असर हुआ है। समय रहते एआरटी की मदद से वैगन को दोबारा पटरी पर रखकर रवाना कर दिया गया।