कानपुर। नवाबगंज स्थित वीएसएसडी कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित पांचवीं नेशनल योग चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर ओवरऑल विजेता का खिताब जीता। यूपी ने कुल 20 स्वर्ण, 31 रजत और 20 कांस्य पदक जीतकर प्रथम पाया। बिहार ने 15 स्वर्ण, 20 रजत और 15 कांस्य पदक के साथ दूसरा और मध्य प्रदेश ने समान पदकों के साथ तीसरा स्थान पाया।
प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 350 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सब जूनियर, जूनियर, कैडेट, सीनियर और सुपर सीनियर वर्गों में खिलाड़ियों ने 10-10 योगासनों का प्रदर्शन कर लचीलापन, संतुलन और कौशल का बेहतरीन परिचय दिया। योग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महासचिव शोभित पांडेय ने बताया कि सभी वर्गों में यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
यूपी की ओर से सब जूनियर वर्ग में विराट सिंह और विशाल गुप्ता, जूनियर में नक्श पांडेय, कैडेट में आरव, सीनियर में चंदा और सुपर सीनियर में हिमांशु तिवारी ने स्वर्ण पदक जीतकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। समापन समारोह में एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश मिश्रा और चेयरमैन नीतू सिंह ने विजेताओं को पदक पहनाकर सम्मानित किया।