झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर रिवई-सुनैचा तिराहे के पास रविवार की देर रात तेरहवीं संस्कार से लौट रहे बाइक सवार चचेरे भाइयों की स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत हो गई। घटना से परिजनोंं में कोहराम मचा है। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारोंं के सिर पर गंभीर चोटें आईं और दोनों की जान चली गई। सूचना पर पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में लेते हुए चालक की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
थाना कबरई के बीला उत्तर निवासी शिवप्रसाद (43) बाइक से चचेरे भाई विजयगोपाल (40) के साथ मध्यप्रदेश के रावपुर में रिश्तेदारी में आयोजित तेरहवीं संस्कार में शामिल होने गया था। देर रात दोनोंं बाइक से घर लौट रहे थे। तभी रिवई-सुनैचा तिराहे के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायलोंं को जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन रास्ते में शिवप्रसाद ने दम तोड़ दिया जबकि विजयगोपाल की उपचार दौरान मौत हो गई। मृतक शिवप्रसाद के भाई रामप्रसाद ने बताया कि दोनोंं मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। रिश्तेदारी में तेरहवीं संस्कार में बाइक से दोनोंं लोग गए थे। वापस लौटते समय हादसे में मौत हो गई। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।