कानपुर में गांधी प्रतिमा के नीचे बेड़िया पहन कर मौन धरने के बाद विधायक अमिताभ बाजपेयी और इरफान सोलंकी
- फोटो : amar ujala
मुरादाबाद में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के विरोध में सपाइयों ने फूलबाग में गांधी प्रतिमा के पास मौन धरना दिया। सपाई काली पट्टी बांधे रहे। महानगर अध्यक्ष डॉ. इमरान, विधायक हाजी इरफान सोलंकी और विधायक अमिताभ वाजपेयी ने प्रतीकात्मक बेड़ियां पहन रखी थीं।
उनका कहना था कि सपा की लोकप्रियता से प्रदेश सरकार घबराकर झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है। मुकदमा वापस लेने की मांग की गई। धरने पर नगर उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह पिंटू ठाकुर, महामंत्री अभिषेक गुप्ता, श्रेष्ठ गुप्ता, अजय यादव, आसिफ कादरी, अन्नू गुप्ता आदि मौजूद रहे। ब्यूरो
कन्नौज में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर मुरादाबाद में पत्रकारों से मारपीट का मुकदमा दर्ज होने के विरोध में रविवार को सपाइयों ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। सपाइयों ने मुकदमे को फर्जी बताया है।
विधायक अनिल दोहरे और पूर्व ब्लॉक प्रमुख नवाब सिंह यादव की अगुवाई में करीब 30 सपाई कलक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। सपाई अखिलेश यादव दर्ज मुकदमे को फर्जी बता रहे थे। इसके बाद एडीएम गजेंद्र कुमार को राज्यपाल से संबोधित ज्ञापन सौंपा। नवाब सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार अखिलेश यादव की बढ़ती लोकप्रियता से परेशान है, इससे उन पर फर्जी मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं।
समाजवादियों ने कई तानाशाहों को उखाड़ फेंकने का काम किया है। विधायक अनिल दोहरे ने कहा कि जनता की आवाज उठाने वाले को फर्जी मुकदमे लगाकर डराया जाता है। समाजवादी जनता की लड़ाई के लिये ऐसे सैकड़ों मुकदमे झेलने के लिए तैयार हैं। जिलाध्यक्ष कलीम खां ने मुकदमा वापस न होने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन की चेतावनी दी।