उत्तर प्रदेश के औरैया में फिरोजाबाद से कानपुर जा रहे बाइक सवार सिपाही की खच्चर से टकराकर मौत हो गई। वह कानपुर सेंट्रल जेल में तैनात था। घटना सदर कोतवाली अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर इंडियन आयल चौकी के समीप की है।
कानपुर सेंट्रल जेल में तैनात व फिरोजाबाद जनपद के फूटा मार्ग सम्राट नगर सैलई निवासी सिपाही महावीर प्रसाद (54) पुत्र माखन सिंह बुधवार की सुबह अपने घर से कानपुर जा रहे थे। दोपहर लगभग 12 बजे इंडियन आयल चौकी के समीप हाईवे पर बाइक खच्चर से जा टकरा गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि खच्चर से टकराने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिरा। हेलमेट टूटने से सिर पर गहरी चोट आई। पुलिस घायल को जिला अस्पताल औरैया लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पैंट की जेब में मिले पर्स में आधार कार्ड, पहचान पत्र, पुलिस विभाग का आई कार्ड आदि कागजातों के आधार पर शिनाख्त की गई।
फोन से उसके परिजनों को सूचना दी गई। कोतवाली प्रभारी एसके पांडेय ने बताया कि खच्चर से टकराने के बाद सड़क पर गिरने से सिपाही का हेलमेट टूट गया। जिससे सिर में चोट लगने से मौत हुई है। घटना की जानकारी पर शहर के मोहल्ला बनारसीदास में निवास करने वाले मृतक के रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे।