फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: कानपुर में दुष्कर्म के आरोपी को भीड़ ने पकड़कर पीटा, अस्थायी जेल में आरोपी ने दम तोड़ा

Sun, 07 Mar 2021 08:44 PM IST
प्रभापुंज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : pexels.com
विज्ञापन
युवती से दुष्कर्म के मामले में सचेंडी पुलिस आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर हाथ पर हाथ धरकर बैठ गई और युवती के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को बेरहमी से पीट दिया। फिर आरोपी को उसके ही घर के बाहर फेंककर चले गए। शनिवार को पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद आरोपी को अस्थायी जेल भेजा जहां उसकी मौत हो गई। 
विज्ञापन


शुक्रवार शाम सचेंडी के एक गांव निवासी युवती ने सुबोध बाजपेई (35) पर दुष्कर्म कर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कराया था। पुलिस आरोपी को पकड़ नहीं पाई। शनिवार सुबह लोगों ने सुबोध को पकड़कर जमकर पीटा। पुलिस ने कल्याणपुर सीएचसी में उसका मेडिकल कराया। कोर्ट में पेश कर चौबेपुर स्थित अस्थायी जेल में उसको दाखिल करा दिया। रात में उसकी मौत हो गई। अगर पुलिस पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेती तो उसकी जान बच सकती थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

 
विज्ञापन

बेवजह फंसाया, मार भी डाला
पिता रमेश ने बताया कि बेटे सुबोध ने पास के एक गांव के एक लड़के को युवती के साथ देखा था। इस पर उसने शोर मचा दिया। लड़का तो भाग गया, लेकिन युवती ने सुबोध पर ही आरोप लगा दिया। उनका कहना है कि दुष्कर्म व हत्या के प्रयास में सुबोध को फंसाने के बाद मार दिया गया।   

मेडिकल रिपोर्ट पर उठे सवाल
एसपी ग्रामीण बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट सामान्य है। किसी तरह के जाहिरा या इंटरनल चोट का जिक्र नहीं है। फ्रेक्चर भी नहीं बताया गया। इस वजह से पुलिस ने उसको सीधे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा। सवाल है कि आखिर जब उसको इतनी गंभीर चोटें थीं तो मेडिकल करने वाले डॉक्टरों ने क्या जांचें की। भर्ती क्यों नहीं कराया। मेडिकल रिपोर्ट पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मेडिकल करने वाले डॉक्टर भी सवालों के घेरे में हैं। 

पता किया जा रहा है कि आरोपी को किसने-किसने पीटा था। एफआईआर दर्ज करने के साथ ही सभी पर जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी। जेल भी भेजा जाएगा।
डॉ. प्रीतिंदर सिंह, डीआईजी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें