डंपर की ट्रक से भिड़ंत के बाद लगी आग
- फोटो : amar ujala
कानपुर के घाटमपुर पतारा कस्बे में कानपुर सागर मार्ग पर मंगलवार देर रात डंपर व ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद डंपर के केबिन में आग लग गई। जिसमे फंसकर चालक की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
केबिन काटकर शव को बाहर निकाला गया। जिसके बाद क्रेन से डंपर को किनारे कर यातायात बहाल किया गया। पतारा कस्बे के भीतर से गुजरे कानपुर सागर मार्ग के किनारे स्थित नेहरू इंटर काॅलेज के सामने रात घाटमपुर की ओर जा रहे मौरंग लदे ट्रक की सामने से आ रहे तेज रफतार डंपर से भिड़ंत हो गई। ट्रक खाई में जाकर पलट गया।
हादसे के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। डंपर के केबिन में फंसे चालक की जलकर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हाईवे पर धूं-धूंकर जलते डंपर की वजह से यातायात रूकवा कर फायर बिग्रेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। इसके बाद केबिन काटकर कड़ी मशक्कत के बाद फंसे डंपर चालक के शव को बाहर निकाला जा सका।
हादसे के चलते हाईवे करीब दो घंटे तक यातायात थमा रहा। जिससे दोनों तरफ करीब दो किमी तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक व खलासी मौेक से फरार हो गए। जानकारी पर कोतवाली प्रभारी राजीव सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि क्रेन मंगाकर डंपर को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है। खबर लिखे जाने तक चालक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।