कानपुर। नर्वल तहसील क्षेत्र में बिना पंजीकरण अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के विरुद्ध अभियान चलाया गया। एसडीएम नर्वल विवेक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज सीएचसी सरसौल डॉ. अविनाश यादव एवं थाना महाराजपुर पुलिस बल के साथ संयुक्त टीम ने निरीक्षण कर एक अस्पताल को सील कर दिया। दूसरे अस्पताल संचालक को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की टीम ने नर्वल मोड़ के पास स्थित श्रेयांश अस्पताल का निरीक्षण किया। वहां बिना पंजीकरण के मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। मौके पर न तो कोई पंजीकरण अभिलेख मिले और न ही डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध था। अस्पताल को सील कर मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज को संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टीम ने महाराजपुर-हाथीपुर हाईवे पर ओवरब्रिज के निकट संचालित आरएस अस्पताल की जांच की। मौके पर कोई मरीज, डॉक्टर या पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित नहीं था। केवल एक केयरटेकर मिला जो कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।