पांच साल में करीब 15 बीघा जमीन और नवाबगंज कस्बे में तीन प्लाट खरीदें
ईडी का दावा है कि दस्तावेजों से अनुराग का हवाला के जरिए दुबई सहित अन्य स्थानों में रियल एस्टेट में निवेश का खुलासा हुआ है। नवाबगंज कस्बे में मेडिकल स्टोर चलाने वाले व गांव के पूर्व प्रधान रहे पिता लक्ष्मीनाथ द्विवेदी ने बताया कि उन्होंने पांच साल में करीब 15 बीघा जमीन और नवाबगंज कस्बे में तीन प्लाट खरीदें हैं। जिनकी कीमत करीब साढे तीन करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि ईडी के अधिकारी जमीन के कागजात ले गए हैं। पिता के अनुसार ईडी दवा कंपनी व मेडिकल स्टोर से बिक्री के उनके घर में रखे 13 लाख रुपये और मोबाइल फोन भी ले गई है।
मर्सडीज बेंज कार खरीदने के दौरान अनुराग द्विवेदी का फोटो
- फोटो : amar ujala
जांच में ईडी का पूरा सहयोग करेंगे
पिता के अनुसार अनुराग के नाम एक बिस्वा भी जमीन नही है। उनके (पिता) व अनुराग के संयुक्त नाम से लखनऊ में अंसल सिटी के पास 2500 वर्ग फीट का एक मकान है वह 2018 से एग्रीमेंट पर है अभी उसका बैनामा नही हुआ है। अनुराग को सिर्फ महंगी गाड़ियों का शौक है, यह गाड़ियां भी उसकी डीएसडी स्पोर्ट इंडिया लिमिटेड के नाम की कंपनी के नाम हैं। अनुराग के पिता ने बताया कि अब तो ईडी के सम्मन का इंतजार है जब भी सम्मन मिलेगा, तो चल, अचल संपत्ति से संबंधित प्रपत्र प्रस्तुत करेंगे। उनका दावा है कि उन्होंंने व उनके बेटे ने कोई गैर कानूनी काम नहीं किया है। जांच में ईडी का पूरा सहयोग करेंगे।
चाचा के घर में ईडी को मिले 7.5 लाख रुपये
ईडी ने अनुराग के चाचा नृपेंद्रनाथ द्विवेदी के घर में भी जांच की थी। उनके घर में ईडी को 7.5 लाख रुपये मिले थे। चाचा ने बताया कि इनमें करीब पचास हजार रुपए कस्बे में 22 दिसंबर से शुरू होने जा रही भागवत कथा आयोजन के चंदे का है और ढाई लाख रुपये नवाबगंज स्थिति दुर्गा मंदिर सेवा समिति का है। यह ढाई लाख रुपये मंदिर की बारादरी की जर्जर छत को तोड़कर नई छत बनवाने के लिए रखा था। नृपेंद्रनाथ मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारी हैं और मंदिर के रखरखाव का काम वही देखते हैं।
कभी साइकिल से चलने वाला अनुराग द्विवेदी अब लग्जरी गाड़ियों का शौकीन
- फोटो : amar ujala
16 बैंक खातों की रकम निकसी पर रोक
जांच के दौरान ईडी की टीम ने अनुराग द्विवेदी के पिता लक्ष्मीनाथ द्विवेदी के मेडिकल स्टोर के करंट अकाउंट सहित परिवार के अन्य सदस्यों के 16 बैंक खाते सीज कर दिए हैं। एचडीएफसी बैंक स्थित मेडिकल स्टोर का खाता भी सीज करा दिया है। हालांकि थोक दवा एजेंसी का खाता चालू है।
हर महीने एक लग्जरी गाड़ी भर की कमाई का दावा
सोशल मीडिया पर वायरल अनुराग का एक प्रमोशनल इंटरव्यू खूब चर्चा में है। इस वीडियो में इंटरव्यू ले रही महिला जब उनसे उनकी एक महीने की कमाई के बारे में पूछतीं हैं, तो वह बेबाकी से बताता है कि एक लग्जरी कार भर की कमाई, तो कर ही लेता है। लग्जरी यानी बहुत अच्छी गाड़ी। इस इंटरव्यू में वह बताता है कि सरकारी नौकरी या पापा का मेडिकल स्टोर में चलाने की सोच कभी नहीं रही। 2016 में पापा से एक साल मांगे थे और उन्होंने जो भरोसा किया उसी के बल पर इस ऊंचाई तक पहुंचा।
अपनी लग्जरी कार के साथ अनुराग द्विवेदी
- फोटो : amar ujala
22 अगस्त 2025 से पहले वैध था एप
वह बताता है कि कभी-कभी सोचता हूं कि क्रिकेट की जो जानकारी उसे आज है, पहले होती तो उन्हें (देश के बड़े उद्यमियों के नाम) नौकरी पर रख लेता। साथ के लोगों ने बताया कि क्रिकेट के बारे में जानकारी लेकर ये लोग खुद रुपया बनाते हैं। इसके बाद उसने डीएसडी स्पोर्ट्स इंडिया लिमिटेड नाम की कंपनी बनाई और कई और कंपनियों से जुड़ा। उसने बताया कि फेंटसी स्पोर्ट्स एप जिसे आज अवैध बताया जा रहा है 22 अगस्त 2025 से पहले वैध था। नया कानून बनने के बाद उसे अवैध घोषित किया गया। उसने जो भी कमाई की पहले की जो कानूनी रूप से सही है और उस कमाई की एक-एक पाई का हिसाब देंगे।