उन्नाव जिले में बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर गोशाकुतुब गांव के सामने तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। जबकि तीसरे की हालत गंभीर है। तीनों दोस्त बांगरमऊ के नानामऊ घाट कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान करने जा रहे थे। तीनों हरदोई के अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे।
हादसे के बाद चालक बोलेरो छोड़कर भाग गया। पुलिस ने उसे कब्जे में लिया है। हरदोई, बिलग्राम के मढ़िया निवासी सुरेशचंद्र का बेटा प्रमोद (20), कासिमपुर थानाक्षेत्र के गांव छोटईखेड़ा मठौली निवासी प्रकाश गौतम का बेटा नीरज (16) और जुगुल किशोर रैदास का बेटा अंकुल (21) के साथ घर में बिना किसी को जानकारी दिए सोमवार रात बाइक से गंगा स्नान करने जा रहे थे।
बाइक प्रमोद चला रहा था। तीनों बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर गोशाकुतुब गांव के पास पहुंचे थे कि तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य बोलेरों ने तीनों कुचलत दिया। पुलिस ने तीनों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
डॉक्टर ने प्रमोद और अंकुल को मृत घोषित कर दिया। नीरज को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष रमेशचंद्र साहनी ने बताया कि घटना के बाद चालक मौके से भाग निकला। गाड़ी कब्जे में ली गई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।