हजारों की संख्या में घर पहुंच रहे हैं लोग
- फोटो : amar ujala
उन्नाव के नवाबगंज में पुरवा ब्लॉक के एक गांव में लखनऊ से लौटा युवक बिना जांच के ही घर पहुंचा और परिजनों से मिला। आशा को पता चलने पर उसने कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिले से पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम युवक व उसके परिवार को साथ लाई।
सभी को सोहरामऊ स्थित सरस्वती मेडिकल कॉलेज में बने क्वारंटीन वार्ड में रखा है। अर्चितखेड़ा गांव निवासी एक युवक लखनऊ की एक फैक्टरी में काम करता है। दो दिन पहले वह घर पहुंचा और बिना जांच कराए ही परिजनों से मिला। उसने बताया कि लखनऊ में वह जहां रह रहा था वहां एक युवक कोरोना पॉजिटिव निकला था।
इसकी जानकारी आशा को होने पर उसने सीएमओ कार्यालय में बने कंट्रोल रूम को दी। संक्रामक रोग प्रभारी एंबुलेंस लेकर युवक के घर पहुंचे और उसे सोहरामऊ स्थित सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
संक्रामक रोग प्रभारी एसीएमओ डॉ. आरएस मिश्रा ने बताया कि किसी का ब्लड सैंपल अभी जांच के लिए नहीं भेजा गया है। एहतियात के तौर परिवार के छह सदस्यों को क्वारंटीन कराया जा रहा है। इस दौरान यदि हालत बिगड़ती है या कुछ कोरोना जैसे लक्षण मिलते हैं तो सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।