सफीपुर। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार किराना दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के अहमदाबाद माथर गांव निवासी नरेश (45), सोमवार को गंगादासपुर गांव निवासी मामा के यहां गए थे। देहर शाम को लौट रहे थे। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर फतेहपुर चौरासी थाना में कालमीट्टि पुलिस प्रशिक्षण केंद्र के पास तेजर रफ्तार वाहन बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गया। गंभीर रूप से घायल नरेश को पुलिस ने लोगों की मदद सफीपुर सीएचसी पहुंचाया जहां, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पत्नी सविता, बेटा अमन, बेटी खुशी व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। सफीपुर कोतवाली प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
वाहन की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत
बीघापुर। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के किशुन खेड़ा निवासी किसान जयप्रकाश (45) की सोमवार शाम को एक रिश्तेदार के यहां शादी में शामिल होने बिहार थाना के मझगवां गांव गए थे। मोहकमगंज-मझगवां सड़क पर कोई वाहन साइकिल में टक्कर मारते हुए निकल गया। काफी देर तक वह सड़क किनारे घायल पड़े रहे। रात करीब आठ बजे बरात से लौट रहे लोगों ने उन्हें मृत पाया, तो भाई कमल को सूचना दी। बिहार थानाध्यक्ष राहुल सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है। (संवाद)
कुर्सी पर बैठे बेहोश हुए बुजुर्ग, सीएचसी मृत घोषित, नहीं हुई पहचान
सफीपुर। आसीवन थाना क्षेत्र लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर एक वृद्ध कुर्सी पर बैठे-बैठे बेहोश हो गए। लोगों ने डॉक्टर के पास पहुंचाया, तबतक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर मियागंज के बड़ा चौराहा पर सोमवार शाम एक करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग, बाइक एजेंसी के पास कुर्सी पर बैठे थे। अचानक वह बेहोश होकर गिर गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस से मियागंज सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। एसओ ने बताया कि हल्के नीले रंग का कुर्ता व सफेद धोती और जूते पहने हैं। उनके पास से कुछ दवाएं भी मिली हैं। पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। (संवाद)