Unnao News: उन्नाव के सफीपुर सीएचसी परिसर में शनिवार सुबह करीब चार बोरी सरकारी दवाएं और सिरप जला दिए गए, जिनमें से कई की एक्सपायरी डेट जुलाई 2026 तक थी। यह गंभीर लापरवाही उजागर होने के बाद सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार वर्मा ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
उन्नाव जिले में सफीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के परिसर में करीब चार बोरी दवाएं और सिरप को दिन दहाड़े जला दिया गया। इन दवाओं की एक्सपायरी डेट भी वर्ष 2026 है। सरकार द्वारा गरीब लोगों के मुफ्त इलाज की मंशा से सीएचसी को उपलब्ध कराई जाने वाली दवाएं कूड़े में फेंकने के बाद उनमें आग लगा दी गई। सीएचसी सहित क्षेत्र में तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। स्थानीय सीएचसी में रोज औसतन दो सौ से तीन सौ मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। इनके लिए जिला स्तरीय वेयर हाउस से दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
विज्ञापन
शनिवार सुबह सीएचसी परिसर में तेज धुआं उठते देख लोग पहुंचे तब दवाएं जलाने के मामले का पता चला। इसमें भारी मात्र में सिरप, इंजेक्शन और दवाओं की स्ट्रिप जल रही थीं। अधजली दवाएं देखी गईं तो उनमें विटामिन डी की दवा की एक्सपायरी जुलाई 2026 दर्ज मिली। परिवार नियोजन में प्रयोग होने वाली टेबलेट व पैकेट भी जलाए गए हैं। बुखार में बच्चों को बुखार व पेट में संक्रमण होने पर प्रयोग होने वाला सिरप, अल्प्राजोलम भी शामिल है। सीएचसी प्रभारी डॉक्टर राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि वह जानकारी करा रहे हैं।