उन्नाव दुर्ष्क्म पीड़िता के गांव में तैनात पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव विधायक कुलदीप सिंह सेंगर प्रकरण में ताजा घटनाक्रम और जिले की कानून व्यवस्था सहित अन्य बिंदुओं पर पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आईजी जोन लखनऊ सोमवार रात करीब नौ बजे उन्नाव पहुंचे। वह एसपी कार्यालय में डीएम, एसपी, एएसपी व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक कर रहे हैं।
संभावना है कि किशोरी की चाची और मौसी के शव को मंगलवार सुबह उनके गांव लाया जाएगा। अंतिम संस्कार और उस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रात में ही तैयारी पूरी करने में जुटा है। मामले में राजनीतिक हलचल को देखते हुए सभी थानों को अलर्ट रहने को कहा है। आईजी जोन लखनऊ एसके भगत रात करीब नौ बजे उन्नाव पहुंचे।
सभी एसओ को वायरलेस से दिया गया संदेश, सुबह नौ बजे से तैयार रहने के निर्देश
दुष्कर्म पीड़िता के घर पर तैनात पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
एसपी कार्यालय में डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय, एसपी एमपी वर्मा, एएसपी वीके पांडेय और सीओ के साथ बैठक की। इसी दौरान माखी थाने में तैनात रहे इंस्पेक्टर और वर्तमान में गंगाघाट थाने में तैनात इंस्पेक्टर श्याम कुमार पाल को एसपी कार्यालय बुलाकर 3 नवंबर 2018 से अबतक हर बिंदु की जानकारी ली।
आईजी ने पूर्व एसओ से किशोरी, उसके चाचा व परिवार के अन्य सदस्यों की ओर से दिए गए शिकायती प्रार्थनापत्रों, उन पर हुई कार्रवाई और विवेचना की मौजूदा स्थिति की जानकारी नोट की है। हाईकोर्ट से किशोरी के चाचा को मंगलवार सुबह पैरोल मिलने की संभावना है।
किशोरी की चाची और मौसी के शव को अभी लखनऊ पोस्टमार्टम हाउस में ही रखा गया है। पुलिस दोनों शव को सुबह उन्नाव लाने की तैयारियों में जुटी है। वायरलेस पर सभी थानों को मंगलवार सुबह 9 बजे पुलिस फोर्स के साथ अलर्ट रहने को कह दिया गया है। सभी थानाध्यक्षों को बता दिया गया है कि किसी को किसी भी समय कहीं भी पहुंचने के लिए कहा जा सकता है।