उन्नाव जिले के बीघापुर में शादी के तीसरे दिन शुक्रवार रात संदिग्ध हालात में युवक की मौत हो गई। मोबाइल पर आई एक कॉल के बाद वह पांच मिनट में घर आने की बात कहकर बाइक से निकला और फिर लौटा नहीं। बाद में उसका शव सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा मिला।
युवक की मौत की खबर सुनकर पत्नी बदहवास हो गई। परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस सड़क हादसे में युवक की मौत की बात कह रही है। बेहटा भवानी निवासी अशोक कुमार पांडेय के इकलौते बेटे 25 वर्षीय सत्यम पांडेय का 2 दिसंबर को गौरी गांव निवासी कल्लू तिवारी की बेटी राखी से विवाह हुआ था।
चार दिसंबर को रात 11 बजे सत्यम के मोबाइल पर एक फोन आया। उसने परिजनों से पांच मिनट में आने की बात कही और बाइक से निकल गया। रात 2 बजे घर से 7 किमी दूर उसका शव लहूलुहान हालत में सड़क किनारे पड़ा मिला।
शव के पास ही बाइक पड़ी देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। बाइक नंबर के आधार पर शव की पहचान हुई। सत्यम को पीएचसी बीघापुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों के मृत घोषित कर दिया। सत्यम की मौत की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया।