उन्नाव में माखी थानाक्षेत्र के हमीरपुर गांव के पास शारदा नहर रजबहा पुलिया में एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत सिर कटा शव पुलिस ने बरामद किया। पहले मौके पर ही शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की। पहचान न हो पाने पर शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
थानाक्षेत्र के मुंशीगंज-अजगैन मार्ग पर हमीरपुर गांव के पास से मुस्तफाबाद रजबहा निकलता है। गांव के पास मार्ग पर रजबहा में पुलिया है। शनिवार की सुबह टहलने गए ग्रामीणों ने पुलिया में अज्ञात युवक (25) का सिर कटा शव देखा तो पुलिस को सूचना दी।
मौके पर सीओ सफीपुर एमपी शर्मा फोर्स के साथ पहुंचे। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि शव की हालत देख बेरहमी से हत्या किए जाने की आशंका है। शव करीब पांच दिन पुराना लग रहा है।
हत्यारों ने हत्या करके पहचान मिटाने के बाद उसे नहर में फेंक दिया होगा। जो बहकर यहां आ गया। अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। दूसरे जिलों से भी संपर्क किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।