उन्नाव जिले में युवक की हत्या कर उसका शव बक्से में बंद कर उन्नाव-लालगंज हाईवे पर एक निजी अस्पताल के पास मंगलवार रात सड़क किनारे फेंक दिया गया। सूचना पर पहुंचे सदर कोतवाल और सीओ ने जांच की। युवक का शव बिस्तर में लिपटा हुआ मिला। चेहरे पर चोट, नाक से खून निकल रहा था। पुलिस को मृतक युवक की पत्नी पर हत्या का शक है। पत्नी सहित तीन लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है।
हाईवे पर ललऊखेड़ा चौकी से करीब एक किलोमीटर पहले मंगलवार रात करीब दो बजे एक बड़ा बक्सा, सड़क किनारे रखा मिला। लोगों ने संदिग्ध बक्सा देख डायल 112 पर जानकारी दी। चौकी इंचार्ज अनिल साहू मौके पर पहुंचे। बक्सा खुलवाकर देखा गया, तो उसमें गद्दा रजाई, उसके नीचे करीब (25) साल के युवक का लहूलुहान शव और फिर उसके नीचे एक गद्दा और रजाई रखा हुआ था।