कपड़ा कारोबारी की हत्या का मामला
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर निवासी कपड़ा कारोबारी की हत्या करने के बाद शव 30 किलोमीटर दूर अजगैन कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर हाईवे के किनारे कुएं में फेंक दिया गया। बुधवार सुबह लोगों ने कुएं के पास खून और बाइक पड़ी देखी तो पुलिस को जानकारी दी। मामले में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
कानपुर के अनवरगंज कोतवाली क्षेत्र के दलेलपुरवा निवासी नदीम (28) की अनवरगंज में कपड़ों की दुकान है। मंगलवार शाम वह घर से किसी से मिलने की बात कहकर निकले थे। रात तक नहीं लौटने पर परिजनों ने फोन मिलाया, लेकिन बात नहीं हो सकी। बुधवार सुबह कानपुर से करीब 30 किलोमीटर दूर दरबारी खेड़ा गांव के बाहर हाईवे से सटे एक कुएं में उनका शव उतराता मिला। गर्दन पर धारदार हथियार से वार करने के निशान मिले।
बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर से उनके नाम और पते की जानकारी हुई। मौके पर एसपी दक्षिणी प्रेमचंद ने डॉग स्क्वायड और फील्ड यूनिट के साथ पहुंचकर जांच की। कोतवाली पहुंचे मृतक के मामा ताहिर हुसैन ने बताया कि नदीम की किसी से दुश्मनी नहीं थी। उसने किसी से मिलने जाने की बात बताई थी। मामा ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल अवनीश सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मृतक का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया गया है। घटना के खुलासे के लिए एसओजी को भी लगाया गया है।