होटल के बगल में जलता मिला शव
पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के हुसैन नगर चौराहे के पास का है। यहाँ हाईवे किनारे स्थित एक होटल के बगल में कूड़े का ढेर लगा था, जिसमें आग लगी हुई थी। सोमवार दोपहर राहगीरों और स्थानीय लोगों ने कूड़े के जलते हुए ढेर के बीच एक युवती का शव देखा। शव धू-धू कर जल रहा था, जिसे देख लोगों के होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
पहचान मिटाने की साजिश?
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद आग को बुझवाया और अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शव काफी हद तक जल चुका है, जिससे उसकी शिनाख्त करना मुश्किल हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवती की कहीं और हत्या करने के बाद, साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को हाईवे किनारे कूड़े के ढेर में फेंककर आग लगा दी गई।
पुलिस की टीमें जांच में जुटीं
कोतवाली प्रभारी चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि मृतका की उम्र और पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी चेक किए जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि शव को यहाँ कब और किसने फेंका। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। मृतका की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों और समय का पता चल सकेगा। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।