उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में चार दिन पूर्व लापता हुए बच्चे का शव घर के पास तालाब में मिला। इकलौते बेटे का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना क्षेत्र के ग्राम दबौली निवासी नान्हे राठौर का ढ़ाई वर्षीय इकलौता बेटा यश चार दिन पहले घर के बाहर खेलते हुए अचानक लापता हो गया था। घर से पचास मीटर दूर तालाब में पुलिस व ग्रामीणों ने जाल डाल कर खोजबीन की थी।
प्रभारी निरीक्षक राय सिंह ने बताया कि बच्चे का कोई सुराग न लगने पर रविवार को तालाब में चार पम्पिंग सेट के द्वारा तालाब का पानी खाली कराया गया। बीती रात पानी कम पड़ने पर तालाब में बच्चे का शव मिल गया। परिजनों व ग्रामीणों का मानना है कि तालाब के पास नान्हे का खेत है।
शुक्रवार दोपहर को यश के बाबा मंसुखलाल पशुओं के लिए चारा ( बरसींग) लेने खेत पर गये थे। यश भी उनके पीछे पीछे चला गया और पैर फिसल जाने से तालाब में चला गया। जिसकी जानकारी परिजनों को नही हो सकी। इकलौते बेटे का शव देख माता पिता सहित परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।