उन्नाव लोकसभा सामान्य निर्वाचन के प्रशिक्षण में शराब पीकर आने वाले पीठासीन अधिकारी को डीएम ने पुलिस बुला थाने भिजवाया। बीएसए को कार्रवाई के निर्देश दिए। उधर, तीसरे दिन भी प्रशिक्षण से 23 कर्मचारी अनुपस्थित रहे। पूरननगर स्थित एसवीएम इंटर कॉलेज में चल रहे प्रशिक्षण में डीएम देवेंद्र कुमार पांडेय व सीडीओ प्रेमरंजन सिंह पहुंचे।
डीएम ने मतदान कार्मिकों से ईवीएम व वीवीपैट संचालन की जानकारी ली। उन्हें कार्य दायित्वों का बोध कराया। कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के सफ ल संचालन के लिए मतदान कार्मिकों विशेष रुप से पीठासीन अधिकारी का दक्ष होना आवश्यक है। दक्ष बनाने के लिए मास्टर ट्रेनर्स की व्यवस्था की गई है। इस दौरान उन्हें द्वितीय पाली में पार्टी संख्या 1295 के पीठासीन अधिकारी के रूप में प्रशिक्षण ले रहे शिक्षक अजय कुमार यादव के नशे में होने की शंका हुई।
शराब पीने की हुई पुष्टि तो डीएम ने तत्काल पुलिस बुलाकर शिक्षक को पकड़वाया
डीएम ने जांच कराई तो उसके शराब पीने की पुष्टि हुई। इस पर डीएम ने तत्काल पुलिस बुलाकर शिक्षक को पकड़वाया और बीएसए को विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बीएसए ने बताया कि शिक्षक पर मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी गई है। वहीं निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को भी पहली पाली में श्रीचंद चौकीदार, शिवानी त्रिपाठी, जयोत्सना, अजीत नारायण, राजकुमार यादव, अशोक कुमार सिंह, दिलीप शंकर वर्मा, प्रमोद कुमार मिश्र, देशराज अनुपस्थित रहे।
वहीं द्वितीय पाली में रविशंकर द्विवेदी, प्रिये, सीमा सिंह, रिंकी श्रीवास्तव, सर्वेश कुमार, नीलम सिंह, चंद्रमणि पांडेय, नीलम देवी, कविता कश्यप, शारदा, हेमंत वर्मा, रवींद्र प्रताप सिंह, धर्मेंद्र वर्मा व राधा सिंह गायब रहीं। जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कार्मिकों को 22 तारीख तक चलने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम के किसी भी दिन उपस्थित होकर अपर प्रभारी अधिकारी/उपायुक्त मनरेगा राजेश झा को अपनी आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी है।