डीएलएड अभ्यर्थियों ने इंटर्नशिप के नाम पर उगाही का आरोप लगाया है। बताया कि शिक्षकों के माध्यम से एक-एक हजार रुपये की मांग की जा रही है। सीडीओ ने प्राचार्या को तलब किया और व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। छात्रों को आश्वासन दिया कि कोई रुपयों की मांग करे तो तुरंत शिकायत करें, कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में डीएलएड कर रहे छात्राें को परिषदीय स्कूलों में इंटर्नशिप कराई जाती है। उसके लिए पास के स्कूलों में भेजने के लिए खेल किया जाता है। सीडीओ कार्यालय पहुंचे छात्रों ने बताया कि स्कूल के शिक्षकों के माध्यम से डायट प्राचार्या एक-एक हजार रुपये मांग रही हैं। सामूहिक रूप से छात्रों की ओर से की गई शिकायत में सीडीओ प्रेम प्रकाश मीणा ने तत्काल संज्ञान लिया और डायट प्राचार्या अमिता सिंह को तलब किया। कहा कि ऐसी गतिविधियों पर तुरंत रोक लगाई जाए और भविष्य में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता न हो। प्राचार्या अमिता सिंह ने बताया किसी ने साजिश रचकर ऐसा कृत्य किया है। बताया कि अभी कुछ दिन पहले ही चार्ज लिया है। जिसने भी उगाही का प्रयास किया है और बदनाम करने की कोशिश की है उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।