उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में संडीला मार्ग पर आरएस चौराहा के पास पेट्रोल पंप पर शनिवार रात टैंकर डीजल उतारने पहुंचा था। रात में तेल खाली न होने से चालक पेट्रोल पंप पर ही क्लीनर सत्यम को छोड़कर घर चला गया।
रात में ही खाना खाने के बाद क्लीनर सत्यम ने टैंकर स्टार्ट किया और उसे आगे पीछे करने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान अचानक क्लच से पैर हट जाने से टैंकर ने पंप पर ही सो रहे कर्मचारी माखी के ग्राम पुरवा टेनई निवासी श्रीपाल (38) व लक्ष्मण (28) को चपेट में ले लिया।
दोनों को सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने श्रीपाल को मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मण को ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। हादसे के बाद क्लीनर भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया। पेट्रोल पंप पर सो रहे अन्य कर्मचारियों का कहना है कि क्लीनर नशे में था।