रेलवे ट्रैक पर लड़ रहे मवेशियों में एक तेज रफ्तार इंटरसिटी एक्सप्रेस से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज हुई कि मवेशी के मांस के टुकड़े इधर-उधर बिखर गए। एक टुकड़ा बोगी के गेट पर बैठे युवक के चेहरे से टकराया और वह असंतुलित होकर पटरियों पर गिर गया। इससे युवक की मौत हो गई।
भदोही जिले के जामुल गांव निवासी कैफ अंसारी (19) पुत्र स्व. अलाउद्दीन अपने साथी दानिश के साथ शुक्रवार शाम छह बजे कानपुर से इंटरसिटी एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहा था। दोनों साथी काम की तलाश में निकले थे। कैफ बोगी के गेट पर बैठा था। कानपुर-लखनऊ रेलमार्ग पर अजगैन रेलवे स्टेशन से पहले ट्रैक पर दो मवेशी आपस में लड़ रहे थे। तभी एक मवेशी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। मवेशी के मांस का एक टुकड़ा कैफ के चेहरे से टकराया। इससे उसका संतुलन बिगड़ा और गेट का हैंडल हाथ से छूट जाने से वह पटरी पर गिर गया।