उन्नाव के गंजमुरादाबाद में शाम को बाइक से घर जा रहे सराफ पर नकाबपोश तीन लुटेरों ने तमंचे के बल पर रोककर हमला कर दिया। सराफ को पीटकर जेवरात से भरा बैग लूटकर भाग गए। घायल सराफ ने चार लाख के जेवर लूटने की तहरीर पुलिस को दी है।
थाना बेहटामुजावर के ग्राम ब्योली इस्लामाबाद निवासी विकास सोनी की ग्राम हरईपुर में आभूषणों की दुकान है। रविवार शाम लगभग छह बजे वह दुकान बंद कर बैग में जेवर लेकर बाइक से घर के लिए निकला। जल्दी पहुंचने के लिए वह कच्चे रास्ते से होकर निकला।
ब्योली इस्लामाबाद और हरईपुर के बीच सामने से बाइक सवार तीन लुटेरों ने कट मारकर उसे गिरा दिया और कनपटी पर तमंचा लगाकर बैग छीनने का विरोध करने पर डंडों से बेरहमी से पीटा। सराफ के बेसुध होने पर लुटेरे बैग लूटकर भाग गए। विकास का बायां हाथ टूट गया। पीड़ित ने किसी तरह घर पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल विकास को उसके घर से अस्पताल पहुंचाया। सराफ के मुताबिक बैग में लगभग दो लाख कीमत केे चार तोला सोना और लगभग दो लाख कीमत की 3.50 किलो से अधिक की चांदी थी। सीओ एके राय ने घटना को संदिग्ध बता जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।