उन्नाव पुलिस लाइन में तैनात सिपाही ने उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एसपी को अपना इस्तीफा दिया है। एसपी ने इस्तीफे को अस्वीकार कर सीओ लाइन को जांच सौंपी है। सिपाही का आरोप है कि अधिकारी उसके साथ गाली-गलौज करते हैं। आरआई ने बताया कि दाढी बड़ी रखने व ड्यूटी के दौरान स्पोर्ट्स जूते पहनने पर सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई थी।
उसके साथ कोई अभद्रता नहीं हुई। सीतापुर सदर कोतवाली क्षेत्र के बैजनाथ निवासी पवन कुमार वर्ष 2011 में पुलिस विभाग में सिपाही पद पर भर्ती हुआ था। रायबरेली से दिसंबर 2020 में तबादला होने पर उसने यहां पुलिस लाइन में आमद कराई थी। गुरुवार को सिपाही पवन कुमार एसपी के समक्ष पेश हुआ।
उसने लाइन के अधिकारी और वरिष्ठ कर्मियों पर उत्पीड़न व मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाकर अपना इस्तीफा दिया। सिपाही का इस्तीफा देख एसपी अचंभित रह गए। उन्होंने मामले की जांच सीओ लाइन एके राय को दी है। एसपी ने बताया कि रायबरेली में तैनाती के दौरान अनुशासनहीनता व कार्य-व्यवहार अच्छा न होने पर सिपाही का प्रशासनिक स्तर पर जिले में तबादला हुआ था।
सीओ को जांच दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) सुभाष चंद्र ने बताया कि सिपाही का व्यवहार बेहद खराब हैं। वह नशे का भी आदी है। एक मई को उसकी दाढ़ी बड़ी मिली। ड्यूटी के दौरान वह स्पोर्ट्स जूते पहने था। इस पर उसके खिलाफ रिपोर्ट लिखी गई थी। उसके द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह से निराधार हैं।