लखनऊ-कानपुर हाईवे पर रविवार रात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मामा की मौत हो गई जबकि भांजा घायल हो गया। निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। दोनों हटिया मेला देखकर लौट रहे थे। असोहा थानाक्षेत्र के उतरौरा गांव निवासी सोनू (20) पुत्र रामचंद्र रविवार को सोहरामऊ थानाक्षेत्र के सरौती गांव निवासी चचेरे बहनोई के घर आया था। वहां से भांजे राजा (15) पुत्र संतोष के साथ बाइक से लखनऊ के बनी गांव में लगे हटिया मेला देखने गया था।
रविवार देर शाम लौटते समय सोहरामऊ कस्बे से पहले ही हाईवे पर वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। परिजनों के आने के बाद उन्होंने दोनों घायलों को लखनऊ के बंथरा स्थित निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहां सोनू की इलाज के दौरान मौत हो गई। भांजे राजा को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने बताया कि वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। भांजा घायल है। परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।