उन्नाव जिले के औरास थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर इनायतपुर बर्रा गांव के पास मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे बनारस से जयपुर जा रही तेज रफ्तार स्लीपर बस ओवरटेक के दौरान आगे चल रहे सूअर लदे ट्रक में साइड से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक में लदे 80 सूअरों में से 10 की मौत हो गई। बस में आगे बैठे 40 यात्रियों में एक यात्री गंभीर घायल हो गया। अन्य सवारियां बाल-बाल बच गईं।
पुलिस ने घायल यात्री को सीएचसी पहुंचाया। गंभीर हालत में उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद से जिंदा सूअर एक्सप्रेसवे पर टहलते रहे, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। घटना के बाद बस के चालक और परिचालक मौके से भाग निकले। बरेली जिले के भूता निवासी चालक शेर सिंह मथुरा से ट्रक में सूअर लादकर एक्सप्रेसवे के रास्ते आसाम प्रदेश जा रहा था।