कानपुर से नई दिल्ली के बीच चलने वाली श्रमशक्ति एक्सप्रेस सोमवार से अपने पूर्व निर्धारित समय से प्लेटफार्म नंबर एक से चलेगी। स्पेशल बनकर कानपुर होकर 60 ट्रेनें गुजरेंगी। इनमें पुष्पक, प्रयागराज, गोमती, संपूर्ण क्रांति समेत लगभग सभी महत्वपूर्ण ट्रेनें होंगी। जल्द ही कानपुर से नई दिल्ली के बीच रिवर्स शताब्दी एक्सप्रेस भी चलने लगेगी।
एक जून से चलने वालीं ट्रेनों की व्यवस्था को लेकर रविवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर मॉकड्रिल किया गया। निदेशक हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि इस दौरान कुछ स्टाफ को यात्री बनाकर स्टेशन में प्रवेश से लेकर ट्रेन में बैठाने तक की तैयारी परखी गई। देखा गया कि कहां-कहां अधिक स्टाफ की जरूरत पड़ेगी। टीसी, टीटीई, आरपीएफ समेत कॉमर्शियल टीम की तैनाती व करंट काउंटर बुकिंग की स्थिति भी जांची गई।
श्रमशक्ति प्लेटफार्म नौ पर आएगी, एक से जाएगी
श्रमशक्ति एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर एक से रात पौने 12 बजे रवाना होगी। जबकि सुबह साढ़े छह बजे प्लेटफार्म नंबर नौ पर आएगी। सिटी साइड से ही यात्रियों की निकासी की व्यवस्था होगी।
करंट काउंटर से भी मिलेंगे टिकट
कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म एरिया में सिर्फ कन्फर्म और आरएसी टिकट वालों को ही प्रवेश मिलेगा। वेटिंग वाले टिकट कन्फर्म होने तक जनरल टिकट घर के हॉल में इंतजार करेंगे। श्रमशक्ति एक्सप्रेस से दिल्ली जाने वालों का रिजर्वेशन चार्ट शाम सात बजे बन जाता है। इसके बाद तमाम लोग टिकट कैंसिल करा देते हैं। जिससे सीटें खाली हो जाती हैं। इससे यात्री करंट काउंटर से कन्फर्म टिकट ले सकते हैं। श्रमशक्ति छूटने के दो घंटे पहले तक (रात पौने 10 बजे तक) ही करंट काउंटर खुलेगा। ऑनलाइन करंट बुकिंग भी कराई जा सकती है।