कानपुर। नियमित कक्षाएं नहीं लेने और अनुशासनहीनता के आरोप में सीएसजेएमयू के एक शिक्षक को जहां हटा दिया गया है, वहीं दूसरे ने इस्तीफा दे दिया है। मामला विवि के अटल विहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज का है। विभाग के शिक्षक समरेंद्र सिंह और श्रीष पांडेय के खिलाफ लगातार शिकायतें आ रही थीं।
नियमित कक्षाओं के संचालन के लिए बनी उपस्थिति कमेटी की रिपोर्ट में भी दोनों शिक्षक लगातार नदारद मिल रहे थे। कई बार चेतावनी देने के बाद सुधार न होने पर विवि प्रशासन ने सख्ती की। इस पर विवि की जांच शुरू होने से पहले ही समरेंद्र सिंह ने जहां इस्तीफा दे दिया, वहीं श्रीष पांडेय को हटा दिया गया।
विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। वहीं परीक्षा में गड़बड़ी करने के आरोप में निलंबित चल रहे यहां के पूर्व निदेशक डॉ. पंकज द्विवेदी के मामले की जांच अभी पूरी नहीं हुई है।