कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं शनिवार से शुरू होंगी। विवि से संबद्ध महाविद्यालयों के करीब पांच लाख से अधिक विद्यार्थी इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। सात जिलों में 399 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
परीक्षाओं का संचालन 20 दिसंबर तक किया जाएगा। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए सभी केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विश्वविद्यालय के कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है।शनिवार को पहली पाली (सुबह 8:30 से 10:30 बजे) में बीए प्रथम सेमेस्टर में हिंदी, द्वितीय पाली (सुबह 11:30 से 1:30 बजे) में बीए तृतीय सेमेस्टर में हिंदी, तृतीय पाली (दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे) में बीए पंचम सेमेस्टर में हिंदी की परीक्षा है।
परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद और कन्नौज में आयोजित की जाएंगी। परीक्षा व्यवस्था के संचालन और निगरानी के लिए इन जिलों में 56 नोडल केंद्र और 399 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
इस बार संस्थागत और बैकपेपर के कुल 5,00,917 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा प्रतिदिन तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी।
इसके लिए विवि परिसर में मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम बनाया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों को इससे जोड़ा गया है जहां से परीक्षा के दौरान गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। विशेष पर्यवेक्षक और सचल दल भी तैनात किए गए हैं। ये दल अलग-अलग परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। विवि के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की पूरी तैयारी की गई है।