धूप से बचाव की व्यवस्था और पानी लेकर निकलें
ग्रामीण क्षेत्रों में डुग्गी पिटवाकर मुनादी कराई जा रही है। लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि भीषण गर्मी में बेवजह घरों से बाहर न निकलें। यदि जरूरत हो तो धूप से बचाव की व्यवस्था और पानी लेकर निकलें। सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक घरों से बाहर न आएं।
30 से अधिक गांवों में मुनादी कराई गई
शुक्रवार को तहसीलदार पुष्पक ने लेखपाल व कानूनगो के साथ लोहारी, गोरखा, छेदीमऊ, अस्थौन, कनेरा, करहराखुर्द, कुरौराडांग, फतेहपुर समेत 30 से अधिक गांवों में मुनादी कराई। लेखपाल लक्ष्मण सिंह ने बताया कि शेष बचे गांवों में भी मुनादी कराई जा रही है। अपर जिलाधिकारी रामप्रकाश का कहना है कि लू व गर्मी से मरीजों की संख्या बढ़ी है।
मृतक परिवार को सरकारी मदद भी मिल सके
कुछ लोगों की मौत की बात सामने आई है। उन्होंने लू लगने से किसी की मौत होने पर पोस्टमार्टम कराने की अपील की है, ताकि मौत के सही कारणों के साथ मृतक परिवार को सरकारी मदद भी मिल सके। बताया कि लू की चपेट में कोई न आए, इसके लिए जागरूक करने के हर कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।