मलबे और ट्राले में कई लोग दब गए
शनिवार रात कानपुर की ओर से आगरा जा रहा तेज रफ्तार ट्राला अनियंत्रित होकर मानिकपुर मोड़ के पास सड़क किनारे बनी दुकानों में जा घुसी। ट्राला दुकानों के ऊपर चढ़ने से मलबे और ट्राले में कई लोग दब गए। सूचना पर इकदिल थाना पुलिस और सीओ सिटी मौके पर पहुंच गए।
क्रेन और जेसीबी बुलाकर घायलों को निकाला
एक क्रेन और जेसीबी बुलाकर घायलों को निकाला गया। सभी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। इनमें से सूरज निवासी पक्का बाग भाग दो विकास कॉलोनी थाना इकदिल, संजय निवासी जहांगीरपुर जैदपुर कलां जिला आगरा, कुलदीप पुत्र गंगाराम निवासी मानिकपुर मोड़ को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया
वहीं, राहुल (15) पुत्र सुनील निवासी मनिकपुर मोड़, मोहम्मद तालिब पुत्र मोहम्मद साजिद निवासी मोहल्ला कस्बा इकदिल और सौरभ (23) पुत्र सत्यभान निवासी नगला केसरी भदान फिरोजाबाद को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां तालिब की हालत गंभीर देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
नशे में था ट्राला चालक, पुलिस ने किया गिरफ्तार
रास्ते में ले जाते वक्त उसने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे डीएम अवनीश राय और एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने भी घटना की जानकारी ली। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। दो लोग घायल हुए हैं। ट्राला चालक नशे में था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
चाय पीने के लिए रुके थे बाइक सवार भाई और मामा
सौरभ शनिवार को अपने मामा सूरज और बुआ के बेटे संजय के साथ कानपुर की तरफ से बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में मानिकपुर मोड़ के पास तीनों चाय पीने के लिए दुकान पर रुक गए थे कि इस बीच ही मौत बनकर आया ट्राला उन्हें रौंदते हुए दुकान में जा घुसा।
कुछ दिन पहले ही लगाई थी चाय की दुकान
हादसे में मामा सूजर और सौरभ के बुआ के बेटे संजय की मौत हो गई। वहीं, मृतक कुलदीप ने कुछ दिन पहले ही मानिकपुर मोड़ पर चाय की दुकान लगाई थी। देर रात ट्राला अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायल हो गए।