सरवनखेड़ा। गजनेर-रायपुर मार्ग पर निनाया गांव के सामने रविवार शाम को पशु आहार लदा ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गया। पशु आहार की बोरियाें व ई-रिक्शा के नीचे दबने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे बाहर निकाल कर सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया।
गजनेर थाना क्षेत्र के गोगूमऊ निवासी रिंकू 22 गांव में ही पशु आहार व चोकर की दुकान किए थे। रविवार को वह ई-रिक्शा लेकर पशु आहार खरीदने के लिए गजनेर आए थे। पशु आहार की बोरियां ई-रिक्शा में लादकर घर जाने के दौरान शाम 6:30 बजे के करीब निनाया गांव के सामने ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गया। इससे रिंकू ई-रिक्शा व बोरियों के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ई-रिक्शा पलटने से हुई आवाज सुन पहुंचे लोगों ने उसको ई-रिक्शा से निकाल कर सीएचसी गजनेर पहुंचाया। वहां डॉ. मुकेश पाठन ने उनको मृत घोषित कर दिया। अनहोनी पर रिंकू के पिता तुलसीराम, मां भूरी देवी, भाई जगदेव, सोनू, राजू रोने लगे। पिता तुलसीराम ने बताया कि बेटा अविवाहित था। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी।