कानपुर देहात। मिलकिया बंबा पटरी पर जगजीवनपुर के पास शुक्रवार रात को एक अनियंत्रित कार बंबा में पलट गई। कार उलटी हो जाने से चालक की डूबने से मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन की है।
माती रोड अकबरपुर निवासी लखन शर्मा 24 पुत्र देवकीनंदन शर्मा शुक्रवार शाम को अपने मिलने वाले की कार लेकर किसी काम से मिलकिया गए थे। वहां से घर लौटने के दौरान मिलकिया बंबा पटरी मार्ग पर जगजीवनपुर के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर बंबा में पलट गई। राहगीरों ने बंबा में कार पड़ी होने जानकारी पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से लखन को कार से निकाल कर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। अनहोनी की जानकारी पर लखन की मां विमला, बड़ा भाई अंकुर, बहन प्रिया, रेखा व परिजन रोते बिलखते हुए अस्पताल पहुंच गए। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बंबा की पटरी बिल्कुल समतल है। जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां बोल्डर भी पड़ा था।
लोगों का कहना है कि ब्रेक लगाने के दौरान कार अनियंत्रित होकर बंबा में पलटी है। यदि बंबा के किनारे की मिट्टी सड़क से ऊंची होती तो तो शायद कार बंबा में न पलटती। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बंबा से निकलवाया है। थानाध्यक्ष हरमीत सिंह से बताया कि कार के पानी में पलट जाने से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।