अकबरपुर ब्लाक में प्रधान पद का नामांकन कराकर सोमवार को गांव ज्योतिष गांव
लौट रहे समर्थकों की ट्रैक्टर ट्राली कचनार बगिया मोड़ के पास खड्ड में
पलट गई। ट्रैक्टर चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि, ट्राली के नीचे
दबे समर्थक ने जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
ग्राम पंचायत
ज्योतिष से प्रधान पद के दावेदार धीरेंद्र यादव सोमवार को अपने सैकड़ों
समर्थकों के साथ अकबरपुर ब्लाक में नामांकन कराने आए थे। बताया जाता है कि
नामांकन होने के बाद पांच बजे वह वह अपने-अपने गांव जा रहे थे। जबकि लाल जी
पुत्र राम सजीवन, शिव लखन निवासी गांव ज्योतिष व विनायक सिंह पुत्र मुंशी
यादव निवासी शहबाजपुर व मुन्ना सिंह निवासी ग्राम बन्ना जाखा
ट्रैक्टर-ट्राली पर सवार होकर ज्योतिष जा रहे थे।
लोगों ने बताया कि
ट्रैक्टर को विनायक सिंह पुत्र मुंशी यादव चला रहा था। जैसे ही यह लोग
कचनार बगिया गांव के मोड़ के पास पहुंचे तभी ट्रैक्टर असंतुलित होकर सड़क
के किनारे खड्ड में ट्राली समेत पलट गया। चालक विनायक सिंह (43) पुत्र
मुंशी यादव निवासी ग्राम शहबाजपुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आनन-फानन
जेसीबी को बुलवाकर ट्रैक्टर व ट्राली को सीधा करवाया और ट्राली के नीचे दबे
लालजी(30) को जिला अस्पताल भेजा गया। लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई।
जबकि वहीं ट्रैक्टर पर सवार अन्य मुन्ना सिंह निवासी बन्ना जाखा व शिवलखन
दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
है। अकबरपुर कोतवाल अखिलेश यादव ने बताया मामले में किसी ने तहरीर नहीं दी
है।