भाजपा के बूथ अध्यक्ष चुनाव में कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट हुई और कुछ धमाके भी हुए जो पटाखे के बताए गए। एक कार्यकर्ता रोहित साहू घायल हो गया। इस मामले में करीब 15 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिसमें सिविल लाइंस मंडल अध्यक्ष अमित बाथम, सुशील वर्मा और रुपेंद्र वर्मा का नाम शामिल है। बाकी अज्ञात के नाम मुकदमा दर्ज किए गया हैं।
पार्टी का बूथ चुनाव पिछले तीन दिनों से चल रहा है। रविवार को कई मंडलों में बूथों पर अध्यक्ष पद के लिए सुबह 10 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। कहीं पर सर्व सम्मति से तो कहीं हाथ उठाकर अध्यक्षों को चुना गया। दोपहर में सूचना मिली कि डीसी लॉ कालेज परिसर में जोर का धमाका हुआ।
इसके बाद वहां मौजूद अमित बाथम गुट के कई कार्यकर्ता एक साथ रोहित साहू पर टूट पड़े। रोहित की तरफ से भी कुछ लोगों ने मारपीट की और मामला बढ़ते देख वहां से भाग लिए। सीधे कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर की तहरीर दी। जिस पर जांच के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर कोतवाली हरीराम वर्मा ने बताया कि कालेज की दीवार पर बारूद के निशान मिले। दिवाली वाले दईमार पटाखे दीवार पर पटककर फोडे़ गए। पुलिस ने रोहित को अस्पताल में भर्ती करा दिया। इस मारपीट के बाद पार्टी के बड़े नेताओं में भी लामबंदी शुरू हो गई।
इस बीच बवाल की वजह से रुका रायपुरवा मंडल का चुनाव भी निपट गया। यहां पर सुरेश अवस्थी, अनूप अवस्थी, पर्यवेक्षक दिनेश राय की देखरेख में चुनाव हुआ। अब 25 नवंबर के बाद मंडल अध्यक्षों के चुनाव शुरू होंगे।